बाबैन। सघोर गांव स्थित सांगवान एकेडमी में ऑल ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू हुई। पूर्व सरपंच के प्रतिनिधि बलिंद्र हरिया ने इसका शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में कुल 25 टीमों ने हिस्सा लिया। पहला मुकाबला सांगवान एकेडमी और एस.सी.आर. एकेडमी यमुनानगर के बीच खेला गया। सांगवान एकेडमी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह मैच 25-15 और 25-20 के अंतर से जीता।
बलिंद्र हरिया ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने को कहा। उन्होंने खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की प्रेरणा दी। खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ उज्ज्वल भविष्य बनाने में सहायक होते हैं। उन्होंने सांगवान एकेडमी के संचालक अनिल सांगवान के प्रयासों की सराहना की। अनिल सांगवान युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा निखार रहे हैं। इस अवसर पर खेल कोच अनिल सांगवान सहित कई खिलाड़ी मौजूद रहे।