कुरुक्षेत्र। शहर के महादेव मोहल्ला निवासी विशु शर्मा का शव जर्मनी में हत्या के 11 दिन बाद रविवार देर रात भारत पहुंच गया। परिवार के सदस्य रविवार शाम दिल्ली एयरपोर्ट शव को लाने के लिए रवाना हो गए।
सोमवार सुबह अंतिम संस्कार किया जाएगा। विशु शर्मा थानेसर नगर परिषद के पूर्व पार्षद नितिन भारद्वाज लाली के भतीजे थे। जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में 12 अगस्त को चाकू घोंपकर उनकी हत्या कर दी गई थी। खबर मिलते ही परिवार और इलाके में शोक की लहर फैल गई। परिजन तब से बेहद दुखी हैं। शव भारत लाने के लिए परिवार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सांसद नवीन जिंदल को पत्र सौंपे थे। मुख्यमंत्री, सांसद और पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने इस मामले में सक्रियता दिखाई।
प्रदेश सरकार ने केंद्रीय मंत्रालय को पत्र भेजकर जरूरी औपचारिकताएं पूरी कराई। मृतक के चाचा नितिन भारद्वाज लाली ने बताया कि जर्मनी में एक-दो छुट्टियों के कारण कुछ प्रक्रियाएं अधूरी रह गई थी। अब रविवार को शव पहुंच गया है। आज अंतिम संस्कार किया जाएगा।