वैश्विक महामारी कोरोना की चुनौती से निपटने के लिए लॉकडाउन का चौथा चरण जारी है। चौथे चरण में ग्रामीणों को रोजगार देने के लिए गांवों में मनरेगा के तहत काम मिलना शुरू हो चुका है। गांव खिजरपुरा में सैकड़ों ग्रामीणों को मनरेगा के जरिये रोजगार मिला है। इससे न केवल ग्रामीणों की स्थिति में सुधार आएगा बल्कि ग्राम पंचायत के विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
सोमवार को महिला सरपंच हरजीत कौर के पति एवं शमशेर ढुल ने मनरेगा कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मनरेगा कार्य में लगे ग्रामीणों को सोशल डिस्टेसिंग के साथ कार्य करने के बारे में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मनरेगा का कार्य शुरू होने से न केवल ग्रामीणों को लॉकडाउन में रोजगार मिला है, बल्कि पिछले दो माह से ग्राम पंचायत के रूके कार्य भी शुरू हुए हैं। मनरेगा के जरिये शमशान घाट में मिट्टी का भरत किया जाएगा तो प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत काटी गई कालोनी के रास्ते को पक्का किया जाएगा। मनरेगा मैट नफे सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में मनरेगा का कार्य करीब मई माह के अंत तक चलेगा। इसके बाद दूसरे चरण का कार्य शुरू होगा। मनरेगा के जरिये गांव के करीब 100 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला है। मनरेगा कार्य के दौरान ग्रामीणों को शारीरिक दूरी से लेकर मास्क पहनने की हिदायत दी गई है। कोरोना जैसी महामारी से बचने के लिए यह दोनों सावधानियां सबसे अहम हैं।