गांव खेड़ी शहीदां में ग्राम सचिव द्वारा गंदे पानी की निकासी कराने की झूठी रिपोर्ट देने पर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है, इसको लेकर ग्रामीणों ने डीसी कुरुक्षेत्र से जांच की गुहार लगाई है।
ग्रामीण दरबारा सिंह, करनैल सिंह, करतार सिंह, टहल सिंह ने बताया कि गांव में गंदे पानी की निकासी न होने से परेशान ग्रामीणों ने डीसी कुरुक्षेत्र को 24 दिसंबर 2013 को ज्ञापन दिया था। डीसी ने कार्रवाई करते हुए शिकायत की जांच बीडीपीओ को करने के निर्देश दिए।
बीडीपीओ ने ग्राम सचिव को गांव में गंदे पानी की निकासी कराने के लिए कहा। ग्राम सचिव ने रिपोर्ट में गंदे पानी की निकासी कराने की बात कही।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गंदे पानी की निकासी नहीं कराई गई। इसके बाद भी सचिव ने झूठी रिपोर्ट देकर अधिकारियों को गुमराह किया है।
ग्रामीणों ने कहा कि वे मामले को डीसी के संज्ञान में लाकर ग्राम सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण लगातार गंदे पानी की निकासी न होने की समस्या से जूझ रहे हैं।
वहीं ग्राम सचिव द्वारा कागजी खानापूर्ति करके अधिकारियों को गुमराह किया गया है। इस बारे में ग्राम सचिव अमित कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी रिपोर्ट सही पेश की थी।
शिकायत के बाद उन्होंने गांव की सड़कों पर जमा गंदे पानी की निकासी करा दी थी। गंदे पानी की स्थायी निकासी के लिए जोहड़ तक पाइप लाइन दबाई जानी है। उन्होंने कहा कि गांव के ही कुछ लोग गंदे पानी की स्थायी निकासी के लिए पाइप लाइन नहीं दबने दे रहे हैं।