कुरुक्षेत्र। सुभाष मंडी में किराए के मकान में रहने वाले करनाल के विकास के फंदा लगाकर जान देने के मामले में उसके परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने उसकी महिला मित्र व उसके पुराने दोस्त पर शक जताते हुए थाने में तहरीर दी और दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पिता सुलतान के अनुसार उनके बेटे विकास ने आत्महत्या से पहले अपनी मित्र को फंदे की फोटो भेजी थी। क्योंकि उसकी मित्र अब अपने पुराने साथी के साथ दोबारा से रहने लगी थी। इससे वह आहत था और दोनों के बीच में इसे लेकर कुछ बातचीत हुई थी। परिजनों के अनुसार उसकी मित्र फोटो देखने के कुछ समय बाद दूसरे युवक के साथ पड़ोसी की छत लांघकर विकास के घर पहुंची और करीब 20 से 30 मिनट वे दोनों वहां रुके रहे।
इसके बाद दोनों ने अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी। जब तक अन्य लोग पहुंचे उन दाेनों ने विकास को फंदे से उतार लिया था। परिजन महिला मित्र की मौके पर मौजूदगी को संदिग्ध बताते हुए सवाल उठा रहे हैं कि उसने फोटो मिलने के बाद पुलिस व अन्य किसी को इसके बारे में सूचित क्यों नहीं किया। वह मौके पर कमरे में इतनी देर क्या करती रही। परिजनों ने आरोप लगाए हैं कि उन दोनों ने विकास की हत्या कर उसे पंखे से लटकाया है।
पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सकों का पैनल गठित किया गया जिसमें फिलहाल आत्महत्या की पुष्टि हुई है। हालांकि विसरा की जांच के लिए भोगीपुर, पंचकूला स्थित फॉरेंसिक लैब में भेजे गए हैं।