संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। लीबिया में फंसे हरियाणा-पंजाब के युवकों से मारपीट कर एक वीडियो सामने आया है। ये वीडियो मारपीट के बाद डॉन्करों ने परिजनों को भेज दिया है ताकि उनसे और पैसे ऐंठ सकें। इस वीडियो में कुरुक्षेत्र के गुमथला गढू के रोहित और गांव बड़ाम के रहने वाले अंकुर समेत 12 युवक भी फंसे हुए हैं। वीडियो में अंकुर ने उनको लीबिया ने निकालने की गुहार लगाई है। वहीं गुमथला गढू के रोहित के पिता की शिकायत पर थाना शहर पिहोवा पुलिस ने आरोपी एजेंट मदन लाल और उसकी पत्नी निवासी पूजा कॉलोनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायत में गुमथला गढू के रहने वाले धर्मपाल शर्मा ने पुलिस को बताया कि आरोपी एजेंट मदन लाल और उसकी पत्नी आशा ने उसके बेटे रोहित को इटली भेजने के लिए 13 लाख रुपये में सौदा किया था। फरवरी में उन्होंने उसके बेटे को अमृतसर से दुबई भेज दिया था। इसके बाद दुबई से आगे निकालने के लिए आरोपी युवकों से पैसे की मांग करने लगे। हालांकि आरोपी ने उसके बेटे को बगैर डॉन्की के इटली भेजना था, मगर उसने पैसे के लिए उसके बेटे को लीबिया में फंसा दिया। मई में आरोपी ने उसे बताया कि रोहित लीबिया में डॉन्करों के कब्जे में है। आरोपी ने युवकों से मारपीट की एक वीडियो भी उन्हें भेजी। मजबूर होकर उसने आरोपी को चार लाख रुपये दिए। इस तरह दबाव बनाकर आराेपी उससे कुल 13 लाख रुपये हड़प चुका है, मगर अभी भी उसका बेटा लीबिया में डॉन्करों के कब्जे में है। डेढ-दो महीने से उसकी रोहित के साथ कोई बात नहीं हुई। उसे किसी अनहोनी का डर सता है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बच्चों को लीबिया से निकालने की मांग
युवकों के परिजन बच्चों को लीबिया से सही-सलामत निकालने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर भटक रहे हैं। उनका कहना है कि डॉन्कर उनके बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार कर रहे हैं। उनकी बच्चों से बातचीत भी नहीं हो रही है। पहले आई वीडियो में बच्चों ने अपना दर्द बयां किया था। डॉन्करों ने युवकों से करेंसी छीन ली है। उनको भूखा-प्यासा रखा जा रहा है। परिजनों की सरकार व प्रशासन से बच्चों को सकुशल घर लाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।