कोविड-19 के नियमों की उल्लंघना करने पर प्रशासन ने 100 फुटा रोड स्थित केआर पैलेस को 15 दिन के लिए सील करने के आदेश जारी किए हैं। इस पैलेस में आयोजित शादी समारोह में तय संख्या से ज्यादा लोग पहुंचे हुए थे। इस दौरान वहां से गुजर रहे एसडीएम अखिल पिलानी ने शादी समारोह में पहुंची भीड़ को देखा। वह पैलेस के अंदर पहुंचे तो देखा कि समारोह में करीब 250 लोग मौजूद थे और कई लोगों ने मास्क भी नहीं पहना हुआ था। इस पर एसडीएम ने सिटी थाना प्रभारी को बुलाकर हॉल खाली कराया। वहीं नियमों का उल्लंघन करने पर 15 दिन के लिए पैलेस को सील करने के आदेश भी दिए।
एसडीएम अखिल पिलानी ने कहा कि सभी संबंधित थाना प्रभारी, एसडीएम, कोविड-19 नोडल अधिकारी, नगर परिषद के अधिकारी बाजारों, साप्ताहिक हॉट, शॉपिंग सेंटर, खेल के मैदानों जैसे भीड़-भाड़ वाले एवं सभी सार्वजनिक स्थलों पर कोविड नियमों का सख्ती से पालन कराना सुनिश्चित करें। इसके अलावा इन स्थानों का निरीक्षण कर नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन सायं 6 बजे के बाद दुकानें बंद रखने, रात्रि 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू, इंडोर के लिए 30 लोगों तथा आउटडोर के लिए 50 लोगों व संस्कार के लिए 20 लोगों की मंजूरी संबंधित आदेशों की कड़ाई से पालन करवाएं।