कुरुक्षेत्र। वंदे मातरम गीत के 7 नवंबर को 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिले में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें एक साथ वंदे मातरम गीत को गाया जाएगा।
वर्षभर में चार फेज में कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम के बारे में प्रदेश के सभी उपायुक्तों से चर्चा की।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि पहला फेज 7 नवंबर से 14 नवंबर तक आयोजित होगा। दूसरे फेज में 19 से 26 जनवरी तक आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि तीसरे फेज में 7 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के साथ संयुक्त रूप से वंदे मातरम कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी तरह 1 नवंबर से 7 नवंबर तक अंतिम व चौथे फेज के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के विभिन्न पहलुओं, बंकिम चंद्र चटर्जी की जीवनी, स्वतंत्रता संग्राम में वंदे मातरम की भूमिका और भारत के इतिहास पर जानकारी दी जाएगी।
देशभक्ति की ऊर्जा को दिशा देने के लिए वंदे मातरम अभियान और हर घर तिरंगा अभियान एक साथ मनाए जाएंगे। वंदे मातरम के इतिहास पर एक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी और एक लघु फिल्म दिखाई जाएगी।
वंदे मातरम 7 नवंबर 1875 को लिखा गया था। 1896 में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कोलकाता अधिवेशन में वंदे मातरम गाया था।