लाडवा-यमुनानगर मार्ग पर मंगलवार अलसुबह घनी धुंध के कारण पानीपत से
यमुनानगर जा रही वैन गलत दिशा में खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद
वैन में आग लग गई। भीषण आग में वैन में बैठा यमुनानगर निवासी एक युवक जिंदा
जल गया।
वैन के चालक और एक अन्य युवक ने वैन से कूदकर अपनी जान बचाई।
दोनों ने वैन में फंसे युवक को निकालने का प्रयास भी किया, लेकिन कामयाब
नहीं हुए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने अज्ञात के
खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सोनीपत
के गांव अटरेना के रहने वाले पवन ने कहा कि वह समाचार पत्र सप्लाई करने
वाली वैन लेकर पानीपत से यमुनानगर जा रहा था। वह जब करनाल पहुंचा तो पानीपत
निवासी हरेंद्र ने लिफ्ट मांगी। इस पर उसने वैन में लिफ्ट दे दी।
लाडवा
अंबेडकर चौक पर उसे यमुनानगर के रहने वाले अमित कुमार पुत्र ओमपाल ने लिफ्ट
मांगी। उसने बताया कि वह दो घंटे से ठंड में इंतजार कर रहा है, लेकिन कोई
गाड़ी नहीं आई। इस पर उसने उसे भी गाड़ी में बैठा लिया। उस समय धुंध बहुत
अधिक थी और बहुत कम दिखाई दे रहा था।
पवन ने बताया कि अभी वे लाडवा से महज
दो-तीन किमी आगे निकले ही थे कि लाडवा-यमुनानगर मार्ग पर बन मोड़ के पास
सड़क पर गलत दिशा में खड़ा ट्रक धुंध के कारण उन्हें दिखाई नहीं दिया। इस
कारण उनकी वैन ट्रक से टकरा गई। टक्कर लगते ही वैन में आग लग गई।
आग से
बचने के लिए वह वैन से कूद गए, लेकिन जब तक अमित बाहर निकलता, तब तक आग
बुरी तरह भड़क गई। अमित को बचाने के प्रयास में वह भी झुलस गए। आग से 23
वर्षीय अमित की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना के बाद ट्रक
चालक गाड़ी लेकर मौके से भाग निकला।
सूचना मिलने पर थाना लाडवा पुलिस
मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ
केस दर्ज कर लिया है। युवक के शव को अपने कब्जे में पुलिस ने परिजनों को
जानकारी दे दी। परिजनों ने लाडवा पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
इसके बाद शव को
पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया गया। आग से झुलसे हरेंद्र
का लाडवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया गया और बाद में
कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया।