कोरोना एक बार फिर से अपने पांव पसारने लगा है। ऐेसे में स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है और लगातार शेड्यूल जारी कर जगह-जगह टीकाकरण किया जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने से ही कोरोना के खिलाफ जंग को जीता जा सकता है। सरकार व प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रबुद्ध लोग भी अपील कर रहे हैं कि वे बिना देरी करे टीकाकरण कराएं, ताकि कोरोना पहली तीन लहरों की तरह घातक साबित न हो पाए। कोरोना के खिलाफ जंग में टीकाकरण ही सबसे बड़ा हथियार है।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. अनुपमा सिंह ने कहा कि लोगों को कोरोना के संक्रमण से बचाने के लिए प्रतिदिन स्वास्थ्य विभाग द्वारा शेड्यूल जारी किया जा रहा है, जिसके अनुसार आज शुक्रवार को 52 स्थानों पर कोरोना वैक्सीन की पहली तथा दूसरी डोज लगाई जाएगी। वहीं 12 से 14 वर्ष के बच्चों को 20 व 15 से 18 वर्ष के बच्चों को 50 जगहों पर डोज दी जाएगी।
नगर पालिका पिहोवा के अध्यक्ष आशीष चक्रपाणी ने कहा कि कोरोना को जड़ से मिटाने के लिए टीकाकरण अभियान को सफल बनाना होगा। अधिकतर लोग टीकाकरण करा चुके हैं। फिर भी जिन्होंने अभी तक टीका नहीं लगवाया वे भी इसके लिए आगे आएं।
समाजसेवी संदीप गर्ग ने कहा कि कोरोना महामारी के अंधकार में वैक्सीन उम्मीद की किरण के रूप में चमकी थी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाकर देश को कोरोना मुक्त करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में हमारा भी फर्ज बनता है कि अभियान को सफल बनाने के लिए टीकाकरण कराएं।
हरियाणवी कलाकार गीता सिंह का कहना है कि कोरोना के केस फिर से बढ़ने लगे हैं। वह कोरोना के खिलाफ जंग से वैक्सीन की दोनों डोज ले चुकी हैं। अब लोगों से भी लगातार अपील कर रही हैं कि वे भी ज्यादा से ज्यादा संख्या में आगे आकर टीकाकरण कराएं।
हलकारा- ए- थिएटर ग्रुप के निर्देशक अमित कुमार चौहान ने कहा कि लोग एक बार फिर से लापरवाह हो चुके हैं। इसका नतीजा यह आ रहा है कि देश में फिर से कोरोना पांव पसार रहा है। मास्क तो लोगों के चेहरों से कभी का गायब हो चुका है। वहीं अब लोग सैनिटाइर का इस्तेमाल भी नहीं करते। यह लापरवाही लोगों के लिए बहुत खतरनाक साबित हो सकती है।
नगरपालिका लाडवा की अध्यक्ष साक्षी खुराना ने कहा कि उन्होंने वैक्सीन की डोज लगवा ली थी। वह लोगों को भी इस बारे लगातार जागरूक कर रही हैं। इसके लिए सोशल मीडिया का तो इस्तेमाल किया ही जा रहा है। वहीं जिन लोगों से इन दिनों मुलाकात हो रही है उन्हें भी जागरूक किया जा रहा है।
समाजसेवी अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। वह लोगों से अपील करते हैं कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में स्वास्थ्य केंद्र जाकर टीकाकरण कराएं। इस अभियान को सफल बनाकर ही कोरोना के खिलाफ जंग को जीता जा सकता है।
कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने कहा कि कोरोना के बारे केंद्र सरकार द्वारा लगातार निर्देश जारी किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार भी लगातार लोगों को इस बारे जागरूक करने का कम कर रही है। ऐसे में हमारा भी कर्तव्य बनता है हम इन निर्देशों का पालन करें और कोरोना को हराने में सरकार का साथ दें।