कुरुक्षेत्र। सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण और अंत्योदय (सेवा) विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 2025-26 के लिए राज्य पुरस्कार योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के साथ-साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थान 12 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि योजना के तहत शतवर्षीय पुरस्कार, श्रेष्ठ माता पुरस्कार, शौर्य एवं बहादुरी पुरस्कार, आजीवन उपलब्धि पुरस्कार, वरिष्ठ पेंटर पुरस्कार, वरिष्ठ मूर्तिकला पुरस्कार, वरिष्ठ अभ्यासरत संगीतकार/गायक पुरस्कार, वरिष्ठ नृत्य अभ्यासरत पुरस्कार तथा वरिष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन सभी श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 30 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 20 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त संस्थाओं के लिए श्रेष्ठ पंचायत पुरस्कार, श्रेष्ठ स्वैच्छिक संगठन (बेस्ट एनजीओ), श्रेष्ठ वृद्धाश्रम पुरस्कार और श्रेष्ठ दैनिक देखभाल केंद्र पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं। इन श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 75 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपये का होगा। इच्छुक व्यक्ति व संस्थान अपनी उपलब्धियों का विवरण, प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों सहित विभाग के पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।