कुरुक्षेत्र। जिले में बढ़ रहे डेंगू के चलते स्वास्थ्य विभाग व लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। इसके मद्देनजर विभाग ने सतर्कता और बढ़ा दी है। सोमवार को 11 साल के बच्चे समेत 10 और लोगों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। अब तक विभाग दो हजार डेंगू संदिग्ध लोगों के सैंपल जांच कर चुका है, जिनमें से 196 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
सोमवार को विभाग ने पिपली, बाबैन और थानेसर में जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभाग की अलग-अलग टीमाें ने 76 डेंगू संदिग्ध लोगों के सैंपल की जांच की। इसमें कीर्ति नगर में 29 साल की महिला, टाटका गांव में 26 वर्षीय महिला, कैलाश नगर में 37 वर्षीय महिला समेत 48 साल का व्यक्ति और जोगना खेड़ा गांव में 11 साल के बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनके अलावा मोहन नगर में 53 वर्षीय, सुंदरपुर में 21 वर्षीय, उमरी गांव में 27 वर्षीय, ठोल में 43 वर्षीय और बाबैन में 45 वर्षीय पुरुषों में डेंगू की पुष्टि हुई।
उधर, विभाग अब तक 12,64,929 घर और पानी जमा होने के विभिन्न 42,48,165 स्रोतों की जांच कर चुका हैं। इस जांच में विभाग को 3,691 जगह से डेंगू का लारवा बरामद हुआ है। दो बार घर से लारवा मिलने पर विभाग 1,049 लोगों को नोटिस थमा चुका है। सोमवार को विभाग को 12 घर समेत 29 जगह से डेंगू का लारवा मिला, जिसमें पांच लोगों को नोटिस दिया गया।
उधर डेंगू के मच्छर से निपटने के लिए विभाग फॉगिंग का सहारा ले रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने से डेंगू का मच्छर कम होने लगेगा। विभाग लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक कर रहा है।
बाक्स
अभी 20 मरीजों का चल रहा इलाज : डॉ. प्रदीप कुमार
जिला मलेरिया एवं सर्वेक्षण अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ डेंगू का मच्छर कम होने लगेगा। मच्छर और लारवा से निपटने के लिए विभाग एंटी लारवा व मच्छर गतिविधियां चला रहा है। जिले में 196 मामलों की पुष्टि हुई है, जिसमें से 176 लोग ठीक हो चुके हैं। 20 डेंगू मरीजों में से 11 का उपचार अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य घर पर उपचार ले रहे हैं।
बाक्स
किस साल में कितने मामले
साल मामले
2017126
2018018
2019-20000
2021129
2022104
2023263
2024196 अब तक