बाबैन। अंबाला व शाहाबाद में पुलिस के कई नाके तोड़कर भाग रहे पंजाब नंबर की स्कॉर्पियो सवार तीन युवकों व एक महिला को पुलिस ने गांव हमीदपुर के पास डेरा चंदपुरा से काबू किया। खास बात यह है कि इस गाड़ी का एक टायर शाहाबाद में ही फट गया था, लेकिन गाड़ी चालक गाड़ी को रिम के सहारे ही चलाकर गांव हमीदपुर तक ले लाया। इस दौरान गाड़ी का रिम भी घिसकर आधा हो चुका था, जिस कारण गाड़ी आगे न बढ़ सकी और पुलिस ने उन्हें काबू किया।
बाबैन थाना प्रभारी हरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सुखविंद्र सिंह निवासी गांव कुरड़ी (मोहाली), हरिंद्र सिंह निवासी गांव चाचे माजरा, अमनदीप सिंह चंगेरा पटियाला व महिला सर्वजीत कौर शाहाबाद से पुलिस नाका तोड़कर भागे है। पुलिस को शक है कि उनकी गाड़ी मेें भारी मात्रा में नशा है। सूचना पाकर पुलिस ने बाबैन के पास नाकाबंदी कर दी और आरोपियों को काबू कर लिया जिनको एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम के हवाले किया गया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी।