बेटी के साथ कीर्तन से घर लौट रही महिला से दो युवक मोबाइल छीनकर फरार हो गए। महिला ने युवकों को पकड़ने की कोशिश भी की, मगर आरोपी भागने में कामयाब रहे। महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। थाना बाबैन पुलिस में दर्ज शिकायत में सुनीता वासी बाबैन ने कहा कि 13 सितंबर को उनके गांव में खेड़ा माड़ी पर कीर्तन आयोजित किया गया था। इस कीर्तन में वह अपनी बेटी के साथ गई हुई थी। कीर्तन का समापन होने पर वह बेटी के साथ घर वापस आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में दो युवक खड़े थे, जिन्होंने अचानक उससे उसका मोबाइल छीन लिया और भाग गए। उसने कुछ दूरी तक उनका पीछा भी किया, मगर आरोपी फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।