डेढ़ महीने पहले पिपली के नजदीक शराब का ठेका लूटने के मामले में समझौते का दबाव बनाने को लेकर दो युवकों ने शराब ठेके पर फायर कर दिया। सेल्समैन ने काउंटर के छिपकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने सेल्समैन की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
राजेश कुमार वासी कलावड (यमुनानगर) ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिपली जीटी रोड स्थित एक शराब के ठेके पर बतौर सेल्समैन काम करता है। 10 फरवरी की रात पौने 12 बजे ठेके पर दूसरा सेल्समैन वजीर सिंह वासी आदमपुर (हिसार) सेल का पर्चा बना रहा था। इस दौरान तीन युवक ठेके पर आए और उनमें से एक युवक ने देसी बोतल शराब का रेट पूछा था। दूसरे युवक ने देसी कट्टा दिखाकर कहा कि जितना कैश है वह उनके हवाले कर दे। तीसरे ने कहा कि यदि कैश नहीं दे रहा तो गोली मार दे। इस पर वह और दूसरा सेल्समैन ठेके के अंदर भाग गए थे। उन्होंने घबराहट की वजह से इस घटना के बारे में किसी को नहीं बताया। ठेकेदार ने कैमरे की रिकॉर्डिंग चेक की तो इसका पता चला। उन्होंने 13 फरवरी को सदर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया था। उसके बाद से कुछ युवकों लगातार ठेके पर आकर उस मुकदमा में समझौता करने बारे दबाव बना रहे थे। 23 अप्रैल की रात वह और पटियाला की बाजवा कॉलोनी का हरविंद्र सिंह ठेके पर ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान रात नौ बजकर 25 मिनट पर काले रंग की पल्सर बाइक पर कपड़े से मुंह ढककर दो युवक आए। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने देसी कट्टा लहराते हुए धमकी दी कि जो मुकदमा उसने दर्ज कराया है उसमें समझौता कर ले नहीं तो गोली मार देंगे। उसके बाद युवक ने उस पर फायर कर दिया। उसने काउंटर के नीचे बैठकर अपनी जान बचाई। बाद में दोनों युवक बाइक समेत फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।