कुरुक्षेत्र। जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में अरनेचा प्राइमरी स्कूल के दो विद्यार्थियों का चयन हुआ है। कक्षा पांचवीं की जानवी ने पेपर में 82.50 अंक प्राप्त कर रैंक 35 हासिल की है। वहीं पार्तिक अथवाल ने 85 अंक लेकर रैंक 21 प्राप्त किया है।शिक्षक प्रदीप ने बताया कि स्कूल के ये दोनों बच्चे पढ़ाई में काफी होशियार थे। पढ़ाई के अलावा भी खेलकूद में अव्वल रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों ने स्कूल का नाम रोशन किया है। पार्तिक के पिता विक्रम ने बताया कि छोटी सी उम्र में 21वीं रैंक हासिल करना अपने आप में एक उपलब्धि है। हम साधारण परिवार से आते हैं और बच्चे ने यह रैंक हासिल कर हमारा मान बढ़ाया है। स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों ने बच्चों की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। परिजनों ने बच्चों की सफलता का श्रेय उनकी मेहनत और शिक्षकों को दिया।