कुरुक्षेत्र। कनाडा भेजने के नाम पर एजेंट ने दो लोगों से 16.45 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। आरोपी ने हिंगाखेड़ी के रहने वाले सुखदीप सिंह से 10.15 लाख रुपये और बालू जिला कैथल निवासी योगेश से 6.30 लाख रुपये लेकर कनाडा भेजने का आश्वासन दिया था।
थाना शहर थानेसर में दर्ज शिकायत में सुखदीप सिंह ने बताया कि उसने आरोपी हरप्रीत सिंह निवासी गुरदासपुर पंजाब के सेंटर में आईलेट्स का कोर्स करने के लिए दाखिला लिया था। उसे अभी एक महीना भी नहीं हुआ था कि आरोपी ने 18 लाख रुपये में उसे स्टडी वीजा पर कनाडा भेजने का आश्वासन दिया। इसमें आरोपी ने उससे 7.15 लाख रुपये बैंक के जरिए तथा तीन लाख रुपये नकद मांगे थे। विश्वास करके उसने 10.15 लाख रुपये अलग-अलग तिथियों में दिए। सितंबर 2023 में वह आरोपी के पास गया तो जल्द वीजा लगवाने की बात कही, लेकिन आरोपी टालमटोल करता रहा। आरोपी ने किसी व्यक्ति के हाथ उसका पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, डीएमसी उसके घर भेज दी। वह आरोपी के कार्यालय पहुंचा तो आरोपी कार्यालय बंद कर फरार हो चुका था।
उधर, सुखदीप सिंह ने शिकायत में कहा कि आरोपी हरप्रीत सिंह ने अपने साथी जसवीर सिंह निवासी पिपली के साथ मिलकर उसे कनाडा भेजने के लिए फाइल बनाई थी। इस एवज में आरोपियों की मांग पर उसने 6.30 लाख रुपये नौ फरवरी को आरटीजीएस किए थे। आरोपियों ने दो महीने में उसका काम कराने का आश्वासन दिया, मगर कई महीने बीत जाने के बाद भी टालमटोल करते रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।