शाहाबाद। एक पेट्रोल पंप से पेट्रोल डलवाकर कार भगाने व कर्मचारी को मारने की नीयत से कार चढ़ाने के प्रयास में पुलिस ने दो आरोपियों को नामजद किया है। जीटी रोड स्थित पेट्रोल पंप संचालक मनदीप सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर कहा कि देर रात कार सवार दो युवक उनके पंप पर तेल डलवाने आए थे और सेल्समैन को प्रीमियम पेट्रोल भरने को कहा। सेल्समैन बूटा सिंह ने तेल डाला और दो अन्य सेल्समैन अमन और राजन कार के नजदीक खड़े थे। तेल डलवाने के बाद युवकों ने पैसे देने की बजाय कार को भगाने का प्रयास किया, जबकि कार के दरवाजे भी खुले थे। तब सेलमैन अमन और बूटा सिंह ने कार का पीछा किया और राजन ने कार का दरवाजा पकड़ लिया। इसी दौरान कार चालक ने अमन पर कार चढ़ाने का प्रयास किया, मगर अमन से कूद कर जान बचाई। इसके बाद कार के चालक ने जीटी रोड पर लगी रेलिंग में टक्कर मारी। जांच पड़ताल करने पर पता चला कि कार सतविंद्र सिंह वासी बलसौरा की है, जिसे निशान राठी निवासी गांव गांजीपुर चला रहा था। यह सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।