संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। मोहाली की एक कारखाने की लीगल टीम ने पुलिस के साथ मिलकर दो स्थानों पर छापामारी कर 12 नकली वाटर टैंक बरामद किए। शिकायत पर शाहाबाद थाना व सदर थाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
रचना कपूर निवासी सेक्टर 117 मोहाली ने शाहाबाद पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा कि उसकी कंपनी आरके एसोसिएट अधिकारित कंपनी सुप्रीम इंडस्ट्री लिमिटेड की ओर से नकली वाटर टैंक, पाइप व प्लास्टिक का सामान बनाने, बेचने व सप्लाई करने वालों के खिलाफ पुलिस प्रशासन को साथ लेकर कार्रवाई करती है।
उन्हें सूचना मिली है कि शाहाबाद में उनकी कंपनी के नकली वाटर टैंक बाजार में ग्राहकों को असली बताकर बेचे जा रहे हैं। शिकायत पर शाहाबाद शहर पुलिस चौकी टीम के एएसआई मनोज कुमार व मुख्य सिपाही सतबीर सिंह की टीम के साथ अनाज मंडी में देसराज की दुकान पर छापामारी की। दुकानदार राजीव सतीजा कंपनी के नाम से नकली वाटर टैंक बेचता मिला। दुकान की छत से पांच टंकी 750 लीटर, दो टंकी एक हजार लीटर बरामद हुई। इस पर सुप्रीम नाम के लेवल चिपके हुए थे। सातों टंकियों पर सुप्रीम कंपनी के नकली मार्का लगाए गए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कापी राइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं सदर थाना पुलिस के अंतर्गत सेक्टर में एक फैक्टरी पर छापामारी कर पुलिस ने पांच टंकियों पर सुप्रीम कंपनी की नकली मार्का लगाए हुए मिली। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर लिए हैं। संवाद