संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पिछले महीने मारपीट कर छीना झपटी करने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी मलकीत सिंह निवासी ठसका अली व मनीष कुमार निवासी नैसी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और बाइक बरामद की गई।
थाना इस्माईलाबाद में 24 जुलाई को दर्ज शिकायत में आकाश निवासी नैसी ने बताया था कि 24 जुलाई को वह अपने घरवालों के साथ अपनी बहन की ससुराल गांव बीबीपुर कलां गया हुआ था। शाम को करीब चार बजे काम निपटाने के बाद घरवालों को छोड़कर अपने गांव वापस आ गया था। करीब डेढ़ घंटे बाद करनैल सिंह, मनीष, सुनील कुमार तथा अन्य हथियारों से लैस होकर उसके घर में घुस आए और हमला करके उसे जख्मी कर दिया था। जाते हुए आरोपी उसके हाथ से चांदी का कड़ा, चांदी की चैन, एक मोबाइल व पांच हजार रुपये छीनकर ले गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरोपी करनैल सिंह व सुरजीत सिंह उर्फ सुनील निवासी ठसका अली को गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी मलकीत सिंह व मनीष को गिरफ्तार करके बाइक व स्कूटी बरामद की। आरोपियों को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया गया। संवाद