कुरुक्षेत्र। लिफ्ट देने के बहाने दो बदमाश एक प्रवासी मजदूर से मारपीट कर मोबाइल और दो हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर घटनास्थल का जायजा भी लिया। प्रवासी मजदूर मूूल रूप से बिहार के अररिया बिहार का रहने वाला है।
पंचानन हाल निवासी वार्ड-12 चढ़ाई वाली गली ने बताया कि वह पत्थर रगड़ाई का काम करता है। शाम करीब चार बजे वह ढांढ रोड से अपना काम खत्म करके घर आ रहा था। जैसे ही वह ढांड टी-प्वाइंट पर पहुंचा तो बाइक पर आए दो युवक उसके पास आकर रुके। उन्होंने उसे पिहोवा छोड़ने के लिए लिफ्ट देने की बात कही। उनकी बातों में आकर वह उनके साथ बाइक पर बैठकर चल दिया। अभी वह थोड़ा आगे चले ही थे कि बाइक चालक बाइक को मोड़कर सुनसान जगह पर ले गया। यहां आते ही उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी उसका मोबाइल और दो हजार रुपये छीनकर बाइक पर फरार हो गए। कुछ देर बाद उसके बेटे ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। शिकायत पर थाना शहर पिहोवा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। संवाद