फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kurukshetra News: सड़क हादसों में बच्चे समेत दो की मौत, बराती समेत तीन जख्मी

विज्ञापन
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र/इस्माईलाबाद/ लाडवा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बच्चे समेत दो लोगों की जान चली गई जबकि बराती समेत तीन लोग जख्मी हो गए। धनौरा बस अड्डे के निकट कार की टक्कर लगने से बाइक चालक राजमिस्त्री की मौत हो गई। चालक ने राजमिस्त्री को अपनी कार के नीचे कुचल दिया, जिसमें अस्पताल ले जाते हुए मनीष (29) निवासी हलालपुर की मौत हो गई। हादसे में मनीष के छोटे भाई सतीश (26) को भी चोट लगी है। उधर, गोगपुर में खेत में खेल रहे तीन वर्षीय मनबीर को चालक ने ट्रैक्टर के नीचे कुचल दिया। मनबीर चार बहनों का इकलौता भाई था। हादसे के बाद आरोपी कार और ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार नंबर और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दाेनों शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं जखवाला गांव में बरातियों से भरी बस पलटने से उसमें सवार दो बाराती घायल हो गए। लोगों ने बस के शीशे तोड़कर उनको बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन

पहला हादसा थाना लाडवा क्षेत्र में हुआ। यहां पुलिस में दर्ज शिकायत में सतीश कुमार निवासी हलालपुर ने बताया कि वह लाडवा में एक कपड़े की दुकान पर नौकरी करता है। उसका बड़ा भाई मनीष राजमिस्त्री का काम करता है। बुधवार को उसका भाई लाडवा में अपने काम पर गया हुआ था। शाम को वह अपना काम खत्म करके बाइक पर उसके पास दुकान पर आ गया था। यहां से वह दोनों भाई बाइक पर अपने घर के लिए रवाना हो गए। करीब आठ बजे वह लोग धनोरा बस अड्डे के निकट पहुंचे तो सामने से आए चालक ने अपनी कार को दूसरे वाहन को ओवरटेक कर उनकी साइड में आकर उनकी बाइक में टक्कर मार दी। वह दोनों भाई बाइक सहित सड़क पर गिर गए। इसी दौरान कार का पहिया उसके भाई के ऊपर से निकल गया। वह अपने भाई को उठाकर इलाज के लिए सरकारी अस्पताल लाडवा ले गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद मनीष को कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया था, मगर बीच रास्ते में उसके भाई ने दम तोड़ दिया।


कच्ची गोहर में खेल रहे बच्चे को ट्रैक्टर चालक ने कुचला
दूसरी घटना थाना झांसा क्षेत्र की है। यहां की निवासी पिंकी देवी निवासी गोगपुर ने थाना झांसा में पुलिस में शिकायत देते हुए बताया कि वह अजराना कलां के रहने वाले नीरज के खेत में आलू निकालने के लिए अपने बेटे मनबीर के साथ गई थी। यहां उसका बेटा खेत में बनी कच्ची गोहर में खेल रहा था। इसी दौरान नीरज ट्रैक्टर लेकर आया, जिसने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए उसके बेटे को कुचल दिया। वह लोगों की मदद से अपने बेटे को उठाकर झांसा अस्पताल पहुंची, मगर चिकित्सकों ने मनबीर को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन



बरातियों से भरी बस पलटी
तीसरा हादसा जखवाला गांव में शिव मंदिर के पास हुआ। यहां बरातियों से भरी बस पलटने से दो बराती गंभीर रूप से घायल हो गए। सरपंच साहब सिंह ने बताया कि ट्यूकर बॉर्डर के पास रास्ता बंद किए जाने से ज्यादातर वाहन खराब गढ़ से होते हुए जखवाला से ट्यूकर और आगे पटियाला हाईवे से पिहोवा जाते है। पंजाब के सनौर से बरात को पिहोवा जाना था। बस चालक खराब गढ़ के रास्ते से आ रहा था जैसे ही बस गांव के शिव मंदिर के समीप पहुंची तभी रास्ता तंग होने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना के बाद वे ग्रामवासियों सहित मौके पर पहुंचे और बस के शीशे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला। हादसे में एक बराती की टांग पर और दूसरे के कंधे पर चोट लगी है। घायलों को पिहोवा अस्पताल के लिए भेज दिया था। अन्य सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें