कुरुक्षेत्र। अवैध निर्माण को नष्ट करती जेसीबी। स्वयं
कुरुक्षेत्र। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) की टीम ने उपायुक्त के आदेशानुसार शुक्रवार को राजस्व संपदा कुरुक्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर लगभग 5.5 एकड़ क्षेत्र में पनप रही अवैध कॉलोनियों को जिला प्रशासन व पुलिस बल की सहायता से तोड़-फोड़ कर हटाया गया। यह कार्रवाई गांव दुराला और गांव रतनडेरा में संचालित अवैध कॉलोनी निर्माण पर की गई।
जिला नगर योजनाकार अधिकारी विक्रम कुमार ने बताया कि गांव दुराला में करीब एक एकड़ और गांव रतनडेरा में लगभग 4.5 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी बसाने का कार्य चल रहा था। विभाग की ओर से पहले ही भू-स्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों को हरियाणा डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन ऑफ अर्बन एरिया एक्ट, 1975 के तहत नोटिस जारी कर अनुमति लेने के निर्देश दिए गए थे लेकिन उन्होंने न तो निर्माण रोका और न ही अनुमति के लिए आवेदन किया।
उपायुक्त के आदेश पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में डीटीपी टीम व पुलिस बल मौके पर पहुंचे। दोनों स्थानों पर बने कच्चे रास्ते, सड़क नेटवर्क, डीपीसी और चारदीवारी सहित सभी अवैध निर्माण को पीले पंजे से ध्वस्त कर दिया। अधिकारी विक्रम कुमार ने बताया कि विभाग को इन अवैध कॉलोनियों के पनपने की जानकारी मिली थी जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई।
उन्होंने आम लोगों को सचेत करते हुए कहा कि सस्ते प्लॉट या आसान किस्तों के झांसे में आकर अवैध कॉलोनियों में जमीन न खरीदें। किसी भी जमीन की खरीद से पहले डीटीपी कार्यालय से कॉलोनी की वैधता अवश्य जांच लें, ताकि भविष्य में आर्थिक नुकसान और कानूनी परेशानी से बचा जा सके। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ विभाग आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रखेगा।