कुरुक्षेत्र/पिहोवा। बेटी को अस्पताल में भर्ती होने का झांसा देकर ठग ने महिला से 50 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। आरोपी ने रोते हुए महिला को कॉल किया था। वहीं, शेयर मार्केट में रुपया लगाकर मुनाफे का लालच देकर उपभोक्ता से 1.65 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। थाना साइबर में दर्ज शिकायत में सर्वजीत कौर निवासी बाबैन ने बताया कि उसके पास आठ नवंबर दोपहर करीब एक बजे अज्ञात नंबर से कॉल आई।
बातचीत करने वाले ने बताया कि उसकी बेटी अस्पताल में दाखिल है। रुपये ट्रांसफर करते समय एक नंबर गलत होने की वजह उसके 50 हजार रुपये उनके नंबर पर ट्रांसफर हो गए। वह व्यक्ति बिलख-बिलख कर रो रहा था। इसलिए उसे लगा कि शायद गलती से उसके रुपये ट्रांसफर हो गए होंगे और उसकी बेटी के इलाज के लिए रुपये की जरूरत है। उसने तुरंत अपने खाते से 50 हजार रुपये उसके पास ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद उसका पति घर आया तो उसने खाते से 50 हजार रुपये कटने के बारे में पूछा, तो उसने पूरी बात बता दी। इस पर उसके पति ने उसे बताया कि उनके खाते में कोई 50 हजार रुपये नहीं आए थे। उस नंबर पर कॉल किया तो आरोपी ने कॉल रिसीव नहीं की।
उधर, चरणजीत सिंह निवासी गांधी नगर पिहोवा ने बताया कि वह दो महीने पहले नौ सितंबर को उसके व्हाट्सएप पर आए मैसेज से ग्रुप से जुड़ा था। इस ग्रुप से जुड़ने के बाद उसका खाता खोलकर कंपनी के शेयर खरीदने के नाम पर उससे करीब 21 हजार रुपये की ट्रांजेक्शन करा ली। बाद में उससे तीन और कंपनी के शेयर के नाम पर 1.44 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। शिकायत पर पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।