कुरुक्षेत्र। सीआईए-दो ने अलग-अलग जगह से दो युवकों को अवैध हथियारों साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी संदीप शर्मा निवासी तंगौरी के कब्जे से देसी पिस्टल व दो कारतूस और अभिषेक उर्फ नानू निवासी बकाली के कब्जे से एक देसी रिवाल्वर बरामद हुई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने के आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ पित्तू निवासी बकाली को भी दबोच लिया।
सीआईए-दो के प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि लाडवा के बाबैन रोड पर उनकी टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को देखकर दरगाह पीर के पास खड़ा युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगा। शक होने पर टीम ने काबू कर पूछताछ की। तलाशी लेने पर संदीप शर्मा के कब्जे से एक देसी पिस्टल 32 बोर व दो कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना लाडवा में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। अन्य मामले में बकाली बस अड्डा के पास से अभिषेक उर्फ नानू को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देसी रिवाल्वर बरामद हुई। दोनों के खिलाफ थाना लाडवा में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हथियारों की तस्करी करने के आरोपी हरप्रीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 1500 रुपये बरामद हुए। तीनों को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया।