बाबैन। सोमवार देर रात दो कारें आपस में टकरा गई। इस हादसे में एक कार चालक 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरी कार में सवार दोनों लोग जख्मी हो गए। मृतक की शिनाख्त जगप्रीत सिंह निवासी लाडवा के रूप में हुई। जगप्रीत सिंह की लाडवा में स्प्रे पंप बनाने व मरम्मत की दुकान है। जगप्रीत सिंह अपने शाहाबाद निवासी अपने साले से मिलकर अपनी कार में घर लौट रहा था। वहीं इस हादसे में दूसरी कार में सवार गुरविंद्र सिंह व गुरमीत सिंह निवासी फिरोजपुर (पंजाब) भी जख्मी हो गए।
थाना बाबैन में दर्ज शिकायत में अमरजीत सिंह निवासी शाहाबाद ने कहा कि सोमवार शाम करीब छह बजे उसका बहनोई जगप्रीत सिंह अपनी कार में उससे मिलने आया था। बातचीत के बाद उसका बहनोई अपने घर जाने के लिए तैयार हो गया। उसे भी अपनी बहन परमिंद्र कौर से मिलना था। रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपनी बाइक पर तथा उसका बहनोई अपनी कार में शाहाबाद से लाडवा जाने के लिए चल दिए। उसका बहनोई अपनी कार में उसके आगे चल रहा था। करीब आधे घंटे बाद वे बाबैन में भारत पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे तो लाडवा की ओर से आए एक कार चालक ने उसके बहनोई की कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गई। उसने बाइक रोककर अपने बहनोई को संभाला तथा जख्मी हालत में उसे एंबुलेंस की सहायता से सरकारी अस्पताल बाबैन में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने उसके बहनोई को मृत घोषित कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।