कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स सेल ने जीटी रोड पर 15 किलो चूरा पोस्त के साथ ट्रक चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रक चालक इरशाद खान अपने साथी अशरफ निवासी हमीदा जिला यमुनानगर, राजस्थान और गुजरात से चूरापोस्त लेकर आए थे। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ट्रक को भी कब्जे में लिया है। एएनसी प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी टीम जिंदल चौक के पास गश्त कर रही थी, तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि ट्रक चालक इरशाद खान व अशरफ चूरापोस्त बेचने का धंधा करते हैं। आज भी दोनों ट्रक में राजस्थान व गुजरात से चूरापोस्त लेकर कुरुक्षेत्र आएंगे। टीम ने जीटी रोड पर सेक्टर-दो के पास नाकाबंदी कर नजर रखनी शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद टीम को मिली सूचना के अनुसार ट्रक आता दिखाई दिया, जिसे रुकवाकर टीम ने चालक से पूछताछ के बाद उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने ने उनके कब्जे से 15 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से दोनों आरोपी कारागार भेज दिए।