कुरुक्षेत्र। ऑनलाइन सट्टा व गेमिंग मामले में थाना साइबर टीम ने दो आरोपियों चक्रवती मोहल्ले के रहने वाले ईशांत उर्फ तन्नु व कर्ण को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों से दो लैपटॉप, 14 मोबाइल, 71,450 रुपये की नकदी, सिम और अन्य सामान बरामद किया।
थाना साइबर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ईशांत उर्फ तन्नु व कर्ण ऑनलाइन सट्टा व गेमिंग की अवैध गतिविधियों में संलिप्त हैं। दोनों एक फर्जी वेबसाइट व एप्लिकेशन और अन्य वेबसाइट संचालित कर आम जनता को आसान कमाई व अधिक लाभ का झूठा प्रलोभन देकर धनराशि ठग रहे हैं। आरोपी सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, टेलीग्राम आदि माध्यमों से प्रचार कर लोगों को उक्त वेबसाइट व एप पर ऑनलाइन गेमिंग व सट्टा खेलने के लिए प्रेरित करते हैं जिसमें आरोपी शुरुआत में छोटी-छोटी रकम लगवाते हैं और थोड़ी बहुत धन राशि जिताने के बाद विश्वास में लेकर बड़ी रकम लेकर बड़ी ठगी को अंजाम देते हैं।
सूचना पर पुलिस टीम की ओर से आरोपियों के घर पर दबिश की गई। मौके से आरोपी ईशांत उर्फ तन्नु व कर्ण को काबू किया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे वेबसाइट के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन जुआ व सट्टा लगवाकर ठगी करते हैं।