जिला जेल में मोबाइल रखने के आरोपियों को सिम कार्ड भेजने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी दीपक वासी बिछियां और नवीन वासी कैलरम (कैथल) को जेल भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल ने बताया कि 07 जुलाई को पुलिस उप-अधीक्षक नरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में सीआईए-1 व 2 के साथ जेल अधिकारियों की सहमति से जेल में जांच के लिए अभियान चलाया था। इसमें बैराक-1 का कमरा न-3 के बंदी संजू वासी सांवला की तलाशी लेने पर उसके पास से बगैर सिम कार्ड के मोबाइल बरामद हुआ था। आरोपी संजू ने कबूला कि उसे यह मोबाइल बंदी राजू ने दो हजार रुपये में बेचा था। इस मोबाइल का इस्तेमाल सौरभ वासी अमीन व नरेंद्र उर्फ निंदू वासी मंडौखरा भी करते थे। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच सीआईए-1 को सौंपी थी। सौरभ ने पूछताछ में बताया कि उसे एक सिम कार्ड विकास मलिक वासी सारसा ने दिया था। 24 जुलाई को पुलिस ने आरोपी विकास मलिक को गिरफ्तार करके संजू व सौरभ तीनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। मामले की जांच करते हुए जिला जेल में मोबाइल रखने के आरोपियों को सिम कार्ड भेजने के दो सहयोगी आरोपी दीपक व नवीन को गिरफ्तार कर लिया।