कुरुक्षेत्र। दुकान पर अवैध रूप से शराब पिलाने के आरोप में पुलिस ने दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया है। आरोपी छोटे लाल निवासी दीदार नगर और जिंदर निवासी दयौरा जिला कैथल की पिहोवा रोड पर यादव धर्मशाला के निकट मीट शॉप है। आरोपी अपनी दुकान पर लोगों को शराब पिला रहे थे। सीएम फ्लाइंग के प्रभारी अनीश कुमार ने बताया कि उनको गुप्त सूचना मिली थी कि पिहोवा रोड पर यादव धर्मशाला के निकट मीट शॉप संचालक अपनी दुकान पर लोगों को शराब पिलाते हैं।
सूचना पर टीम आबकारी विभाग और पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंची, जहां छोटे लाल और जिंदर की दुकान पर कई लोग शराब पी रहे थे। पुलिस को देखकर शराब पी रहे लोग भाग गए थे। वहीं उनकी टीम ने दुकानदार छोटे लाल और जिंदर को काबू कर लिया। पुलिस ने मौके से टेबल पर रखी शराब और खारे की कई बोतल पकड़ी। मौके पर दोनों आरोपी शराब पिलाने का कोई लाइसेंस व परमिट पेश नहीं कर पाए। आरोपी दुकानदारों के खिलाफ थाना केयूके में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।