कुरुक्षेत्र। इंग्लैंड भेजने के नाम पर 16.83 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी विजय कुमार उर्फ रविंद्र व मनदीप सिंह निवासी कमोदा ने शिकायतकर्ता से 28 लाख रुपये मांगे थे।
थाना कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में लवप्रीत निवासी कमोदा ने बताया था कि आरोपी रविंद्र सिंह और मनदीप संधू ने 28 लाख रुपये में उसे पत्नी समेत यूके भेजने का आश्वासन दिया था। विश्वास करके उसने कागजात तैयार करने के लिए गुगल पे के जरिये करीब चार लाख रुपये मंदीप के खाते में डाल दिए और फिर एक लाख से ज्यादा रविंद्र के पास गुगल पे किए। कुछ समय बाद उसने ब्याज पर रुपये उठाकर 9.84 लाख रुपये आरोपियों को दिए थे।
पैसे लेने के बाद आरोपियों ने फोन उठाने बंद कर दिए। उसने अपने रुपये व पासपोर्ट वापस मांगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। आर्थिक अपराध शाखा ने जांच करते हुए आरोपी विजय कुमार व मनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया।