लाडवा । कुरुक्षेत्र व करनाल जिले में 154 ट्रांसफार्मरों में सेंधमारी करने के दो आरोपियों को अपराध अन्वेषण शाखा लाडवा की टीम ने काबू किया है। उप पुलिस अधीक्षक रणधीर सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी दिन में मोटरसाइकिल पर रेकी करते थे और रात में ट्रांसफार्मर में सेंध लगाकर तांबा-तेल चुराते थे। चोरी का सामान कबाड़ियों को बेच देते थे। जांच में पता चला कि आरोपियों ने कुरुक्षेत्र जिले के थाना बाबैन, सदर थानेसर, इस्माइलाबाद और लाडवा क्षेत्र में कुल 69 ट्रांसफार्मर चोरी की वारदातें की हैं।
इसके अलावा करनाल जिले में भी इनके खिलाफ 85 मामले दर्ज हैं, जहां एक आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुका था और जमानत पर आने के बाद असलम के साथ मिलकर कुरुक्षेत्र में फिर से वारदातें अंजाम दी। टीम ने इन आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले दो काबाड़ियों को भी गिरफ्तार कर लाखों रुपये मूल्य का 2.5 क्विंटल तांबे का तार, लोहा पत्ती, चोरी के औजार और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है। ये आरोपी संगठित गिरोह के तौर पर कार्य करते थे।
उन्होंने बताया कि बिजली निगम लाडवा से प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच शुरू हुई। तीन फरवरी की रात गांव बडौदी में किसानों बलबीर सिंह, जीवन दास और किशन चंद के खेतों में लगे 16 केवीए ट्रांसफार्मरों से तांबा और तेल चोरी की गई। बिजली विभाग की टीम ने मौके पर जाकर नुकसान का आकलन किया और थाना लाडवा में मामला दर्ज कराया। जांच बाद में अपराध अन्वेषण शाखा लाडवा को सौंपी गई। 17 फरवरी टीम ने गहन छानबीन के बाद यमुनानगर जिले के छोटा बांस निवासी असलम उर्फ काला और मोहड़ी निवासी बिलाल उर्फ अरबाज को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले यमुनानगर के डेहा कालोनी के रहने वाले प्रदीप और छोटा बांस के रहने वाले सुखबीर को भी काबू कर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों से 2.5 क्विंटल तांबे का तार, लोहा पत्ती, चोरी के औजार और मोटरसाइकिल बरामद हुई। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। संवाद