पिछले दिनों बंद घर से दो क्विंटल 79 किलो 640 ग्राम गांजा बरामद होने के मामले में पुलिस ने गांजा सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपी महेश महतो वासी हनुमान नगर थाना कांता पीरोछा गायघाट मुजफ्फरपुर (बिहार) व अनिल वासी सिमरिया भिंडी घाट थाना कल्याणपुर जिला संबरुथी बिहार हाल वासी शर्मा कॉलोनी बुद्ध विहार फेस-2 दिल्ली को जेल भेज दिया है। डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि 05 जुलाई को सिटी थाना थानेसर पुलिस को सूचना मिली कि रुलिया राम वासी गांधी नगर के मकान सिल्वर सिटी में आरएस फायर वर्क्स के पीछे वाली गली में भारी मात्रा में गांजा बेचने के लिए रखा हुआ है। मकान में कोई भी निर्माण कार्य नहीं चल रहा है तथा मकान का कोई एंट्री गेट भी नहीं है। मकान के अंदर बने एक कमरे पर ताला लगा हुआ है, जिससे भारी मात्रा में गांजा बरामद हो सकता है। गहनता से तलाश करने पर कमरे के अंदर मिट्टी को खोदकर देखा तो प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए, जिसमें दो क्विंटल 79 किलो 640 ग्राम गांजा हुआ था। थाना शहर थानेसर में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके जांच करते हुए 21 जुलाई को पुलिस ने मकान मालिक रुलिया राम को गिरफ्तार करके 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। मामले की जांच बाद में सीआईए-1 को सौंपी गई थी। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी की पहचान पर गांजा सप्लाई करने के सहयोगी आरोपी महेश महतो व अनिल को गिरफ्तार करके कारागार भेज दिया है तथा मामले की जांच जारी है।