कुरुक्षेत्र। बीमा पालिसी के नाम पर करीब 95 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नवीन कुमार गौतम वासीमोहल्ला रतनपुरी कस्बा शादाबाद जिला हाथरस उत्तर प्रदेश व अजीत प्रताप सिहं उर्फ बन्टु ठाकुर वासी शांति नगर मौहल्लाकमला नगर आगरा, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक 27 नवंबर 2021 को थाना सदर थानेसर में बलकार सिंह वासी गांव रतनडेरा जिला कुरुक्षेत्र ने शिकायत में आरोप लगाते हुए बताया था कि उसने मैक्सलाइफ इंश्योरेंस की बीमा पॉलिसी करवाई हुई थी । उसको इस पॉलिसी का पैसा मिल चुका था । कुछ दिन बाद उसके मोबाइल पर भारत भूषण नाम के व्यक्ति ने फोन कर कहा कि वह आईजीएमएस पॉलिसी विभाग का ऑफिसर है। उसने कहा कि उसकी मैक्स लाइफ इंश्योरेस पॉलिसी का तीन लाख 22 हजार रुपये बैलेंस है।
यह बकाया रकम हमारे खाता में जमा करवाने के बाद उसको छह लाख 22 हजार रुपये मिलेंगे। सात अगस्त 2020 को उसने आरोपी पर भरोसा करते हुए अपने बैंक खाता से आरटीजीएस द्वारा नवीन कुमार गौतम के खाते में तीन लाख 22 हजार रुपये डलवाए, जिसके बाद उसके खाते में 15 हजार रुपये पेंशन आनी शुरू हो गई । उसके बाद भारत भूषण ने उसको फोन कर कहा कि तुम्हें अभी और पैसे ट्रांसफर करने होंगे। भारतभूषण ने अलग-अलग तिथियों को नवीन कुमार गौतम के खाता में कुल 63 लाख रुपयेे आरटीजीएस द्वारा ट्रांसफर करवा लिए । उसके बाद उन्होंने टैक्स के नाम पर अलग-अलग तारीखों में अलग-अलग खातों में करीब 23 लाख रुपये और जमा करवा लिए। उसके बाद उसकी पेंशन भी बंद कर दी गई। उसके बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल नंबर बंद कर दिए। आरोपियों ने मिलकर उसके साथ करीब 95 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
एसपी ने मामले की जांच साइबर थाना को सौंप दी थी, जिसके चलते उप निरीक्षक राजेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक प्रभुदयाल, हवलदार संदीप व होमगार्ड शक्ति सिंह की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी नवीन कुमार गौतम को 15 फरवरी को अंबाला अदालत से प्रोडेक्शन वारंट पर लेकर जांच में शामिल किया । तफतीश के दौरान आरोपी से ठगी किए गए पैसों में से एक लाख 63 हजार रुपये बरामद किए गए । 16 फरवरी को आरोपी नवीन कुमार की पूछताछ व निशानदेही पर मामले के एक और आरोपी अजीत प्रताप सिहं उर्फ बन्टु ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया । दोनो आरोपियों को माननीय अदालतमें पेश किया गया ।
मुख्य आरोपी अभी भी गिरफ्त से बाहर
बता दें कि पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मुख्य आरोपी माने जा रहे भारत भूषण के अलावा रेणुका, कदम, प्रभाकर चौधरी, रघुवंशी, नवीन कुमार गौतम, कृतिका नरूला, शालिनी कुमार व जयराम सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। आरोप है कि भारत भूषण इन अलग-अलग आरोपियों के खातों में पैसे डलवाता रहा। फिलहाल भारत भूषण सहित अन्य सभी आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।