कुरुक्षेत्र। थाना कृष्णा गेट की टीम ने ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत मारपीट व धमकी देने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की टीम आकाश नगर के रहने वाले जसबीर सिंह उर्फ कालू व झज्जर जिला के सुरेती गांव के रहने वाले भूपेंद्र सिंह उर्फ साहिल उर्फ हुड्डा के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 28 मई को न्यू कॉलोनी निवासी राहुल ने शिकायत करवाते हुए बताया कि वह रेलवे रोड पर कुरुक्षेत्र पार्किंग साइकिल स्टैंड चलाता है। 26 मई को सुबह 11 बजे नशे में धुत कुछ युवक आए, गाली-गलौज की। विरोध पर डंडे, झाड़ू व कुर्सी से हमला किया। शोर मचाने पर भीड़ जुटने से आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे। संवाद
अफीम सप्लायर को किया गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स सेल ने 110 ग्राम अफीम बरामदगी मामले में यूपी के बदायूं जिला के लाही गांव के रहने वाले बीरपाल को मुख्य सप्लायर के तौर पर गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पांच अक्टूबर 2022 को टीम ने बराडा चौक शाहाबाद से गुप्त सूचना पर यूपी के बरेली जिला के खडेड़ा के रहने वाले नूर मोहम्मद को गिरफ्तार किया है, जो फिलहाल के शाहाबाद के बिजली काॅलोनी में रहता है। थाना शाहाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। जांच को आगे बढ़ाते हुए छह नवंबर टीम ने सप्लायर बीरपाल को गिरफ्तार किया, लेकिन बीरपाल के पास अग्रिम जमानत होने पर उसे रिहा कर दिया गया। संवाद
रंगदारी मांगने के मामले का आरोपी पकड़ा
कुरुक्षेत्र। अपराध अन्वेषण शाखा-एक की टीम ने ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत रंगदारी मामले में जिला कैथल के भागल गांव के रहने वाले आरोपी श्याम लाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 24 सितंबर को इंद्रा कॉलोनी निवासी एक नारियल पानी विक्रेता ने शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि जुलाई में साजन नामक व्यक्ति ने दुकान चलाने के बदले 10 हजार रुपये मासिक मांगे। मना करने पर धमकी दी गई। डर वंश उसने 10 हजार रुपये दिए। बाद में फोन पर रोज पांच हजार, फिर पांच लाख रुपये की मांग की गई और जान से मारने की धमकी दी। 21 सितंबर को सात से आठ युवक कार व मोटरसाइकिलों से आए और धमकाने लगे, जिस पर पीड़ित भाग निकला। संवाद
-
कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
कुरुक्षेत्र। ढांड रोड पर खानपुर गांव के बस अड्डे के पास तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कैथल जिले के पबनावा गांव निवासी ऋषिपाल (34) के रूप में हुई। एक भाई की बीमारी से तो दूसरे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पिता प्रेम नाथ कई वर्ष पहले स्वर्ग सिधार गए थे। अब उसके घर में केवल बुजुर्ग मां रह गई है। ऋषिपाल काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। चाचा सतीश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह ऋषिपाल के पीछे बाइक पर जा रहा था। खानपुर बस अड्डे से आगे ऑल्टो कार गलत दिशा में आकर टक्कर मारते हुए निकल गई। संवाद
-