फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kurukshetra News: छह घंटे की मशक्कत के बाद छोटे वाहनों के लिए खुला ट्यूकर बार्डर

विज्ञापन
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र। हरियाणा-पंजाब सीमा से सटे ट्यूकर बॉर्डर का रास्ता 42 दिन के बाद आखिरकार शनिवार को खोल दिया गया। दोपहर करीब एक बजे जेसीबी ने बॉर्डर पर बनाई गई कंक्रीट को हटाना शुरू किया। यह कार्यवाही शाम करीब सात बजे तक चली। इस दौरान कंक्रीट से बनी मजबूत सुरक्षा बाड़ को हटाने में जेसीबी को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी बॉर्डर को पूरा नहीं खोला गया है। सिर्फ एक तरफ से वाहनों के लिए रास्ता दिया गया है।
विज्ञापन

विदित हो कि 11 फरवरी को प्रशासन की ओर से पंजाब के किसानों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए ट्यूकर बॉर्डर पर मारकंडा पुल पर करीब 25 फुट के बीच 12 लेयर की कड़ी सुरक्षा बाड़ तैयार की गई थी। इसमें आगे और पीछे सीमेंट से बड़े ब्लॉक कंक्रीट के साथ जोड़े गए थे। साथ ही बीच में पांच फीट ऊंची और चौड़ी कंक्रीट की दीवार बनाई गई थी। सीमा सील होने के कारण पंजाब की ओर जाने-आने वाले हजारों लोगों को रोजाना बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में बीते मंगलवार को पंजाब के किसानों ने बार्डर से धरना खत्म कर दिया था, जबकि प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग पर सुरक्षाकर्मी तैनात थे। किसानों का धरना खत्म होने के बाद क्षेत्रवासी प्रशासन से बैरिकेडिंग हटाने की मांग कर रहे थे। इसके बाद शनिवार को दोपहर एक बजे के करीब छोटी जेसीबी के साथ प्रशासन ने बॉर्डर पर बनी बाड़ को हटाने का प्रयास शुरू किया, मगर कंक्रीट से बनी मजबूत सुरक्षा बाड़ को हटाने में छोटी जेसीबी कामयाब नहीं हो सकी। फिर कुछ देर बाद प्रशासन ने दूसरी बड़ी जेसीबी का व्यवस्था करके कार्यवाही दोबारा शुरू की। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद रास्ते को एक साइड से खोला जा सका, जिससे आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। रास्ता दिए जाने के बाद बॉर्डर से सटे आसपास के 20 गांव के लोगों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इससे पहले बाॅर्डर से रास्ता दिए जाने को लेकर ग्रामीणों ने शनिवार को पंचायत भी की थी। इसमें रास्ते नहीं खोलने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी गई थी। थाना सदर पिहोवा प्रबंधक सतीश कुमार ने बताया कि बॉर्डर से छोटे और दोपहिया वाहनों के लिए फिलहाल रास्ता खोला गया है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए बॉर्डर पर पहले की तरह सुरक्षा बल अभी तैनात रहेगा।

निर्देश मिलने के बाद मार्ग पर शुरू होगी रोडवेज की बस सेवा
कुरुक्षेत्र रोडवेज महाप्रबंधक शेर सिंह ने बताया कि बॉर्डर खुलने संबंधी उनके पास कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। इसके पश्चात ही रोडवेज की ओर से बसों के संचालन को लेकर निर्णय लिया जाएगा। हालांकि वैकल्पिक मार्गों से पंजाब रूट पर रोडवेज की बसें चल रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें