पिपली। एंटी नारकोटिक्स सेल ने जीटी रोड पर पंजाब के रहने वाले ट्रक चालक को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी चालक तेजिंद्र सिंह निवासी न्यू आबादी अकालगढ़ पंजाब के कब्जे से 60 किलो डोडा/चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी नशीला पदार्थ लेकर पंजाब जा रहा था।
एएनसी प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी टीम के साथ जीटी रोड पर मसाना गांव के निकट गश्त कर रहे थे तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि तेजिंद्र सिंह अपने ट्रक में सामान लेकर झारखंड व कोलकाता जाता है। वापस आते समय चूरापोस्त खरीदकर पंजाब में बेचता है। सूचना पर टीम ने मसाना गांव के पास ही नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद पुलिस टीम को मिली सूचना अनुसार ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने ट्रक को रुकवाकर चालक से पूछताछ के बाद उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 60 किलो डोडा/चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के विरुद्ध थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।