कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स सेल ने 54 किलो डोडा पोस्त के साथ ट्रक चालक को गिरफ्तार किया। आरोपी बलदेव सिंह निवासी सहारन माजरा जिला लुधियाना पंजाब को अदालत के आदेश से रिमांड पर लिया गया है। आरोपी सामान के बीच नशीला पदार्थ छुपा कर पंजाब की ओर जा रहा था। पुलिस ने उसके ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।
एएनसी प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली कि बलदेव सिंह झारखंड से भारी मात्रा में डोडा पोस्त लाकर हरियाणा व पंजाब में बेचने का धंधा करता है। आज भी बलदेव सिंह अपने ट्रक में नशीला पदार्थ लेकर पंजाब की ओर जाएगा। सूचना पर पुलिस ने एनएच-44 पर करनाल-शाहाबाद हाईवे पर नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद करनाल की तरफ से एक ट्रक आता दिखाई दिया। टीम ने ट्रक को रुकवाकर चालक से पूछताछ के बाद ट्रक की तलाशी ली। तलाशी लेने पर ट्रक से 54 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत के आदेश से रिमांड पर लिया है।