कुरुक्षेत्र। सफाई व्यवस्था का जायजा लेती सीएमफलाइंग टीम के सदस्य।
कुरुक्षेत्र। नगर परिषद के अधिकारियों व कर्मचारियों में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सीएम फ्लाइंग की टीम कार्यालय पहुंच गई। सुबह करीब साढ़े नौ बजे ही टीम ने कार्यालय में दस्तक दे दी। हालांकि अधिकतर कर्मचारी कार्यालय में मिले तो वहीं दो से तीन कर्मी लेट भी पहुंचे, जिनसे कारण जाना गया। वहीं करीब तीन घंटे तक कार्यालय को खंगालने के बाद टीम ने शहर भर में सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया, जिसकी रिपोर्ट भी तैयार की गई।
एसआई राजवीर सिंह के नेतृत्व में टीम पहले कार्यालय पहुंची, जहां करीब तीन घंटे तक कोना-कोना देखा। इस दौरान टीम ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी तक बनाई तो वहीं कई खाली कुर्सियों को भी इसमें रिकॉर्ड किया। वहीं कर्मियों की हाजिरी से लेकर अन्य रिकाॅर्ड भी खंगाला तो वहीं शहर में इसी माह के पहले सप्ताह में चलाए गए सफाई अभियान को लेकर पूरा खाका भी लिया। परिषद के ईओ देवेंद्र नरवाल से लेकर अन्य कर्मियों से भी पूछताछ की तो वहीं दोपहर करीब साढ़े 12 बजे उक्त एक सप्ताह में किए गए सफाई कार्य का जायजा लेने के लिए फील्ड में उतरी। टीम ने थीम पार्क से लेकर पिहोवा रोड, पिपली-थर्ड गेट रोड, झांसा रोड, केडीबी रोड, मेला ग्राउंड व सेक्टर व कॉलोनियों की भी सफाई का जायजा लिया। इस निरीक्षण की वीडियो व फोटो भी बनाए गए। इसके बाद फिर टीम वापस कार्यालय पहुंची तो सफाई अभियान में लगाए अमले की भी जानकारी ली। दिनभर चली इस कार्रवाई से नप कर्मियों में अफरा-तफरी सी मची रही।
सफाई व्यवस्था में यह लगाया अमला
टीम को नगर परिषद की ओर से बताया गया कि सफाई व्यवस्था में सफाई कर्मियों के अलावा पांच ट्रैक्टर, एक जेसीबी, एक लोडर व 15 हाथ रेहड़ी भी लगाई गई है। शहर के अधिकतर क्षेत्रों में सफाई अभियान पूरा कर लिया गया है, जिसका असर भी दिखाई दे रहा है। उधर, नगर परिषद के ईओ देवेंद्र नरवाल का कहना है कि टीम ने बारीकी से जांच की, लेकिन सब कुछ संतोषजनक मिला।
कुरुक्षेत्र। सफाई व्यवस्था का जायजा लेती सीएमफलाइंग टीम के सदस्य।