पिपली। एसटीएफ अंबाला ने लाडवा रोड पर सिरसमा मोड़ के निकट से ट्रक चालक को 10 किलो 40 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी श्रवण सिंह निवासी सुल्तान विंड जिला अमृतसर पंजाब सामान के साथ मणिपुर से अफीम छुपाकर पंजाब जा रहा था। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
थाना सदर में दर्ज शिकायत में अंबाला एसटीएफ के उपनिरीक्षक दलजीत सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक श्रवण सिंह अपने ट्रक में मणिपुर से सस्ते दाम में अफीम खरीदकर ट्रक में सामान की आड़ में छिपाकर लाता है। आज भी आरोपी ट्रक में मणिपुर से माल लेकर यमुनानगर में माल खाली करके पिपली की तरफ सिरसमा मोड़ ट्रक को साइड में लगाकर खड़ा है। सूचना पर टीम ने मौके पर दबिश देकर श्रवण सिंह को ट्रक समेत काबू कर लिया। जांच करने पर ट्रक के केबिन से प्लास्टिक के डिब्बे में रखे पॉलीथिन से 10 किलो 040 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।