पिहोवा। एंटी नारकोटिक सैल टीम ने नशा-मुक्त भारत के तहत नशीला पदार्थ रखने के आरोप में गुरसेवक सिंह निवासी मीरपुर जिला फतेहगढ़ पंजाब को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 101 किलो 87 ग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 11 जनवरी को टीम बस अड्डा गांव टिकरी के पास मौजूद थी तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि गुरसेवक सिंह निवासी मीरपुर जिला फतेहगढ़ पंजाब ट्रक नंबर पीबी-23-टी-4945 पर चालक है।
वह अपने ट्रक में सामान लोड करके कलकत्ता, झारखंड, बिहार जाता है और आते समय झारखंड व बिहार से डोडा व चूरापोस्त लाकर बेचने का काम करता है। आज भी वह अपने ट्रक में डोडा, चूरापोस्त लेकर आ रहा है। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर एनएच-152 अरनाए मोड़ पिहोवा के पास नाकाबंदी करके जांच शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद पुलिस टीम को ट्रक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने आरोपी गुरसेवक सिंह को काबू कर लिया तो ट्रक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 101 किलो 87 ग्राम डोडा, चूरापोस्त बरामद हुआ। आरोपी के विरुद्ध थाना सदर पिहोवा में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।