कुरुक्षेत्र। मिर्जापुर गांव के पास बुधवार की रात एक बजे के करीब पेट्रोल पंप के नजदीक एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें ट्रक और पिकअप की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए और पिकअप कई बार पलट गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई लेकिन तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को डायल 112 की टीम ने एलएनजेपी नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया है। घायलों की पहचान पिकअप चालक हरमीत निवासी पारता जिला फतेहाबाद और ट्रक सवार सुनील निवासी जगाधरी व जावेद निवासी छप्पर जिला यमुनानगर के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक पिकअप चालक मटर बेचने के लिए कैथल की ओर से आ रहा था, जबकि ट्रक कैथल की ओर जा रहा था। दोनों वाहनों की टक्कर के बाद सड़क पर मटर फैल गई। थर्ड गेट चौकी इंचार्ज विनोद कुमार के अनुसार अभी तक किसी भी पक्ष ने एफआईआर दर्ज नहीं करवाई है। घायलों में से दो का इलाज नागरिक अस्पताल में चल रहा है, जबकि पिकअप चालक के परिजनों ने उसे इलाज के लिए किसी अन्य अस्पताल में भर्ती कराया है।