संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। शहर के प्रमुख सेक्टरों में एक सेक्टर सात की मार्केट में रोजाना हजारों की संख्या में लोग आते हैं, लेकिन यहां पर बने सार्वजनिक शौचालयों की खराब हालत के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। हालत ऐसी है कि इन शौचालयों से उठती दुर्गंध के कारण दुकानदारों को दुकान में नाम पर रुमाल रखकर बैठना पड़ता है।
शौचालय की सीटें टूटी पड़ी है, पानी और लाइट की व्यवस्था नहीं है। गंदगी भरी पड़ी है और बारिश के दिनों में तो सीवरेज का पानी बैक मारकर इनमें भर जाता है। सेक्टर में यह एकमात्र शौचालय है, ऐसे में यहां के दुकानदारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए दुकानदार विधायक सुभाष सुधा से भी मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन फिर भी कोई समाधान नहीं निकला है। मार्केट में इन दिनों एक निजी अस्पताल के बेसमेंट का काम चल रहा है। खुदाई से निकली मिट्टी का शौचालय के पास ढेर लगा दिया गया है। बारिश के दौरान यह मिट्टी भी शौचालय में चली जाती है।
दुकानदार विनोद ने कहा कि शौचालय की खराब हालत के विषय में वे विधायक से भी मुलाकात कर चुके हैं। इसके बाद भी अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
दुकानदार अमन ने कहा कि मार्केट में महिला और पुरुष दोनों शौचालय बदहाल हुए पड़े हैं। इन से इतनी दुर्गंध आती है जिससे अंदर जाना तो दूर कोई इनके पास से भी नहीं गुजर सकता।
रणधीर ने कहा कि मार्केट में सुबह से लेकर शाम तक काफी संख्या में ग्राहक आते हैं। मार्केट में एक ही सार्वजनिक शौचालय है और वही इस्तेमाल लायक नहीं है। इससे ग्राहकों को काफी परेशानी होती है।
सुखविंद्र सिंह ने कहा कि शौचालय से उठ रही दुर्गंध के कारण दुकानों में बैठना भी मुश्किल हो गया है, जिस कारण दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा ग्राहकों की संख्या घटने लगी है।
नरेश ने कहा कि उन्होंने कभी भी शौचालयों में सफाई होते हुई नहीं देखी। यहां गंदगी की इतनी भरमार है कि इनकी तरफ देखने का भी मन नहीं करता। प्रशासन को दुकानदारों की समस्या पर ध्यान देना चाहिए।
सार्वजनिक शौचालय के पास लगा मिट्टी का ढेर।- फोटो : Kurukshetra