कुरुक्षेत्र। पुलिस द्वारा ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा को डायल 112 से जोड़कर महिलाओं की यात्रा को सुरक्षित किया जाएगा। इस सेवा का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को 112 पर कॉल कर वेब आधारित फॉर्म के माध्यम से अपनी यात्रा का पंजीकरण करवाना होगा। पंजीकरण फॉर्म का लिंक आवेदक को एसएमएस के माध्यम से भेजा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि आवेदक को पंजीकरण फॉर्म में यात्रा विवरण के साथ-साथ आपातकालीन नंबर भी भरना होगा। यात्री की निगरानी डायल 112 द्वारा हर आधे घंटे के बाद आवेदक को कॉल करके की जाएगी। आपातकालीन स्थिति में आवश्यक सहायता के लिए निकटतम ईआरवी को भेजा जाएगा व यात्री द्वारा साझा किए गए आपातकालीन नंबर पर भी संपर्क किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि सफर करते समय युवतियां व महिलाएं टैक्सी और अन्य वाहन में बैठते ही अपने घर पर अपने परिचितों से मोबाइल पर बात करती हैं लेकिन अब महिलाओं की ट्रिप को पुलिस भी मॉनिटर करेगी ताकि इस दौरान इनके साथ किसी भी प्रकार का कोई अपराध न हो। महिलाओं से अपील है कि वे अपनी यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा दी जा रही ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा का प्रयोग करें।