कुरुक्षेत्र। सांस्कृतिक, सामाजिक व मनोरंजक संगठन गुदगुदी जंक्शन समूह की ओर से कारगिल विजय दिवस पर संगीतमयी विजयी भव: कार्यक्रम आयोजित हुआ। रविवार देर सायं पंचायत भवन सभागार में देशभक्ति व सांस्कृतिक गीतों की प्रस्तुति से वातावरण राष्ट्रप्रेम में सराबोर रहा।
इससे पहले शिविर में लायंस क्लब के सदस्यों और सेवानिवृत्त सैनिकों ने रक्तदान किया। सेवानिवृत्त सैनिकों के साथ गुदगुदी जंक्शन, वेटरन एयर वारियर एसोसिएशन और फेडरेशन ऑफ कैटरर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने वीरों की कहानियां सुनाई। वेटरन एयर वारियर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष पवन सैनी और फेडरेशन ऑफ कैटरर्स एसोसिएशन के प्रधान अवनी गुप्ता ने कहा कि भारतीय सैनिकों ने माइनस डिग्री तापमान और बेहद कठिन पहाड़ियों पर दुश्मनों से मुकाबला करके ऑपरेशन विजय पूरा किया। देश की रक्षा में जवानों ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन वीरों और परिवारों के साहस को प्रणाम।
प्रदेशाध्यक्ष पवन सैनी ने पूर्व सैनिकों की ओर से गुदगुदी जंक्शन समूह के अध्यक्ष चंद्रमौलि गौड़ को देशसेवा करने वाले सैनिक की उपाधि देकर स्मृति-चिन्ह प्रदान किया। इस अवसर पर महासचिव ऋषिराम शर्मा, चेयरमैन धर्मपाल सैनी, लायंस प्रधान संदीप अरोड़ा, नपा की पूर्व चेयरपर्सन उमा सुधा, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री निशि गुप्ता आदि मौजूद रहे।