संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। पुलिसकर्मियों ने शहीद स्मारक पर फूल चढ़ाकर देश के लिए जान देने वाले बलिदानियों को याद किया। पुलिस की टुकड़ी ने सलामी दी और सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर रक्तदान शिविर भी लगाया गया, जिसमें 60 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने रक्तदान किया।
कार्यक्रम में डीएसपी मुख्यालय सुरेश कुमार ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र चढ़ाया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने शहीदों को सलामी दी। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज और हरियाणा पुलिस के ध्वज को आधा झुकाया गया। पुलिस ने शहीद डीएसपी सुरेंद्र सिंह मांजू की पत्नी कौशल्या देवी और सिपाही गुरमेज सिंह की पत्नी अमरजीत कौर को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद जवानों के बलिदान को याद किया।
शहीदों की जिंदगी से सीख लें युवा : डीएसपी
डीएसपी सुरेश कुमार ने कहा कि देश की रक्षा करते हुए जान देने वाले जवान हमेशा याद किए जाएंगे। युवा पीढ़ी को शहीदों की जिंदगी से सीख लेनी चाहिए। देश के प्रति समर्पण और सेवा की भावना से ही देश आगे बढ़ता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से ईमानदारी से ड्यूटी करने, सकारात्मक सोच रखने और अपनी सेहत का ध्यान रखने की अपील की।
वर्ष 1959 में शहीद हुए थे 10 जवान
21 अक्तूबर को हर साल पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में गश्त कर रहे सीआरपीएफ के 21 जवानों पर चीनी सैनिकों ने हमला कर दिया था। जवानों ने डटकर मुकाबला किया और इस दौरान 10 जवानों ने देश की रक्षा करते हुए अपनी जान दे दी। उन्हीं बलिदानियों की याद में हर साल यह दिवस मनाया जाता है।