कुरुक्षेत्र। कलाकारों को प्रोत्साहित करतममुख्यातिथि व अन्य सदस्य। संवाद
कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र में शनिवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर पांचवां जन जातीय गौरव दिवस मनाया गया। यह विशेष आयोजन भारत के महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, संघर्ष और त्याग को नमन करने तथा युवाओं में जनजातीय विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा तथा अल्लूरी सीताराम राजू को पुष्पांजलि अर्पित कर की।
मुख्य अतिथि एनआईटी कुरुक्षेत्र के निदेशक प्रो. बीवी रमना रेड्डी ने शिरकत की। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के साहस, दूरदर्शिता और सामाजिक सुधारों में उनके योगदान पर प्रेरक विचार साझा किए। विशिष्ट अतिथि प्रो. वीपी सिंह, डीन (एस्टेट एवं कंस्ट्रक्शन) तथा प्रो. दिक्षित गर्ग, अध्यक्ष, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग ने जनजातीय नायकों के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें डीएवी पब्लिक स्कूल और यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। थस्विका सी ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा विषय पर वाद्य संगीत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया और समूह नृत्य में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। डीएवी स्कूल के छात्रों ने लघुकथा और नृत्य प्रस्तुति में प्रथम पुरस्कार जीता, जिसमें उन्होंने बिरसा मुंडा के जीवन को आकर्षक रूप से प्रस्तुत किया।
पवन को भगवान बिरसा मुंडा पर बनाए गए उत्कृष्ट स्केच और पेंटिंग के लिए आर्ट एक्सीलेंस अवाॅर्ड प्रदान किया गया। सिमरन, श्रद्धा कांडपाल और आस्था कांडपाल को गायन में शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर एम, डॉ. रवि प्रताप सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कुरुक्षेत्र। कलाकारों को प्रोत्साहित करतममुख्यातिथि व अन्य सदस्य। संवाद