कुरुक्षेत्र। जिला बैडमिंटन संघ की ओर से जिला स्तरीय बैडमिंटन ट्रायल्स 20 जुलाई को आयोजित किए जा रहे हैं। यह ट्रायल्स वायर विंग्स अकादमी, सेक्टर-सात में होंगे, जिसमें पुरुष और महिला वर्ग के खिलाड़ी एकल, युगल और मिश्रित वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। ये जानकारी संघ के महासचिव प्रो. पीसी तिवारी ने दी।
उन्होंने बताया कि ट्रायल्स के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 19 जुलाई शाम पांच बजे तक निर्धारित की गई थी। पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और अब सभी प्रतिभागी पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने को तैयार हैं। इन ट्रायल्स का उद्देश्य जिले की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि कई खिलाड़ी पिछले कई दिनों से लगातार अभ्यास कर रहे हैं और उनमें चयन के लिए खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ट्रायल में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए सुबह 10 बजे तक रिपोर्ट करना अनिवार्य है। सभी खिलाड़ियों को समय पर पहुंचने और खेल सामग्री के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दे दिए गए हैं।