कुरुक्षेत्र। एमडीपी में हिस्सा लेने के दौरान वक्ता और आयोजक। स्वयं
कुरुक्षेत्र। उद्यमिता को नई दिशा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कुरुक्षेत्र के व्यवसाय प्रशासन विभाग की ओर से 17 से 22 फरवरी तक छह दिवसीय उन्नत प्रबंधन विकास कार्यक्रम (एमडीपी) आयोजित किए जा रहे हैं। ये पूर्णत: आवासीय कार्यक्रम माइक्रो, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय, केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित हैं, जिनमें देशभर से स्टार्टअप संस्थापक और भावी उद्यमी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
एमडीपी का मुख्य विषय स्टार्टअप्स में नेतृत्व विकास और कोचिंग तथा स्टार्टअप्स में परिवर्तन प्रबंधन और संगठनात्मक रूपांतरण है। प्रत्येक कार्यक्रम में 25 सीटें निर्धारित की गई हैं और प्रतिभागियों से किसी प्रकार का पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक युवा उद्यमियों को अवसर मिल सके। कार्यक्रमों के दौरान व्याख्यान, लाइव बिजनेस सिमुलेशन और इंटरएक्टिव सत्रों के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रतिभागियों को प्रभावी नेतृत्व कौशल, एआई आधारित परिवर्तन प्रबंधन की समझ तथा प्रतिस्पर्धी बाजार में नवाचार की रणनीतियां सिखाई जा रही हैं। सफल समापन पर प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों के परियोजना निदेशक डॉ. चंद्र शेखर तथा सह-परियोजना निदेशक डॉ. लव कुमार हैं। देश-विदेश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ इसमें अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। इनमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की, एबीवी-आईआईटीएम ग्वालियर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान पटना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय और आईआईएम उदयपुर सहित अन्य संस्थानों के प्रोफेसर एवं उद्योग विशेषज्ञ शामिल हैं। इन उन्नत एमडीपी के माध्यम से प्रतिभागियों को स्टार्टअप की वास्तविक चुनौतियों से निपटने के व्यावहारिक उपकरण, टीम को प्रेरित करने की नेतृत्व क्षमता और तेजी से बदलते कारोबारी माहौल में स्वयं को ढालने की रणनीतियां सिखाई जा रही हैं। साथ ही विशेषज्ञों से नेटवर्किंग और मेंटरशिप के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उद्यमियों को अपने व्यवसाय के विस्तार, निवेश प्राप्त करने और दीर्घकालिक सफलता की दिशा में ठोस मार्गदर्शन मिल सके। संवाद