संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। शहर के झांसा रोड रेलवे फाटक के पास मंगलवार शाम उस समय एक बड़ा हादसा बच गया जब एक स्विफ्ट कार को ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने रुकवाने का प्रयास किया लेकिन चालक ने कार रोके जाने के बजाय उसे और आगे बढ़ा दिया। इससे पुलिस कर्मी कुचलने से बच गया और दूसरे कर्मियों ने दौड़कर न केवल उसे बचाया बल्कि कार को भी रुकवाया।
कार चालक के इस रवैये को देख पुलिस कर्मी ही नहीं अन्य वाहन चालक व राहगीर भी हैरान रह गए। बाद में पुलिस ने कार का 23 हजार रुपये का चालान किया।
घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार रेलवे फाटक बंद होने के कारण वाहन रुके थे। फाटक खुलते ही करनाल नंबर की कार जो देवीलाल चौक की तरफ से झांसा की ओर तेज रफ्तार से आगे बढ़ी। ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने सीटी बजाकर गाड़ी को साइड करने का इशारा किया, लेकिन चालक नहीं रुका और गाड़ी को पुलिसकर्मी की ओर बढ़ा दिया। पुलिसकर्मी ने गाड़ी के बोनट पर मुक्का मारकर और सीटी बजाकर उसे रोकने की कोशिश की। एक बाइक सवार ने भी गुस्से में कार के शीशे पर मुक्का मारा। इसके बाद अन्य पुलिसकर्मियों और राहगीरों के हस्तक्षेप के बाद चालक ने गाड़ी रोकी। ट्रैफिक थाना प्रभारी निरीक्षक रामकरण ने बताया कि चालक ने बड़ी गलती की थी। पुलिस ने ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने, गाडी़ पर ब्लैक फिल्म, हरियाणा लिखवाने, खतरनाक ड्राइविंग और पुलिसकर्मी से दुर्व्यवहार के चलते 23 हजार रुपये का चालान किया।